जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के मानगो बाजार टैंक रोड स्थित एक ज्वेलरी दुकान में चोरों ने देर रात सेंधमारी कर लाखों रुपये के चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता रविवार सुबह उस समय चला, जब दुकान मालिक दुकान खोलने पहुंचे और अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार, कोलकाता ज्वेलर्स के संचालक जितेंद्र कुमार शनिवार रात करीब 8:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह दुकान पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान के भीतर सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर पता चला कि चोर करीब 4 किलो चांदी के जेवरात और कैश बॉक्स में रखे 8 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए हैं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि चोर छत के रास्ते दुकान में घुसे थे। दुकान की टीन शेड की डबल लेयर को निशाना बनाते हुए उन्होंने एक परत हटाई और दूसरी को काटकर भीतर प्रवेश किया। चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके। तिजोरी सुरक्षित रहने से सोने के जेवरात चोरी होने से बच गए।
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
