पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी और दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक राशन डीलर के बंद घर का ताला तोड़कर करीब 9 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गृहस्वामी ने रविवार को लिट्टीपाड़ा थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
राशन बांटने गया था परिवार, सुबह खुला राज
पीड़ित राशन डीलर उपेन्द्रनाथ साहा ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे वे अपने परिवार के साथ राशन वितरण कार्य के लिए अपने पैतृक गांव बड़ा सरसा गए थे। देर रात जब परिवार वापस लौटा, तो मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर गया और सो गया। रविवार सुबह जब उनकी नजर घर के पीछे वाले दरवाजे पर पड़ी, तो उसके होश उड़ गए। पीछे का ताला टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।
चोरी गए सामानों की लिस्ट :
- सोना: लगभग 6 भरी (हार, चेन, कंगन और अन्य आभूषण) — कीमत करीब ₹9 लाख
- चांदी: लगभग 15 भरी के चांदी के जेवर
- कैश: करीब ₹1,50000 (डेढ़ लाख रुपये) नगद
- अन्य: दो नई कीमती साड़ियां
रेकी कर वारदात को दिया अंजाम, स्थानीय गिरोह पर शक
आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से घर की पूरी रेकी की थी। उन्हें पता था कि परिवार बाहर गया है। वहीं, घर में रहने वाले किराएदार भी सुबह से शाम तक अपने काम के सिलसिले में बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने पीछे के रास्ते से एंट्री की। स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क किनारे स्थित इस घर में दिनदहाड़े इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देना किसी स्थानीय या क्षेत्र से अच्छी तरह वाकिफ गिरोह का काम हो सकता है।
सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। व्यस्त सड़क के किनारे स्थित घर में हुई इस बड़ी चोरी ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और ग्रामीणों में डर का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
