रातभर ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग से मुआवजा और सुरक्षा उपायों की मांग,
रामगढ़/गोला। गोला प्रखंड के कोराम्बे गांव में शनिवार रात जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया। हाथियों के गांव में प्रवेश करने से कई लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, जबकि ग्रामीण पूरी रात जागकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा करते रहे।
जानकारी के अनुसार, हाथियों के झुंड ने गांव निवासी सागर महतो के घर को निशाना बनाया। हाथियों ने घर की खिड़की और दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे परिवार को काफी नुकसान उठाना पड़ा। वहीं बिनोद महतो की राशन दुकान के गोदाम को तोड़कर उसमें रखा महुआ और चना खा लिया। इस घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है।
हाथियों का झुंड यहीं नहीं रुका। चनेसर महतो के खेत की सुरक्षा के लिए बनाई गई बाउंड्री वॉल को भी हाथियों ने ध्वस्त कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही बढ़ रही है और झुंड आबादी वाले इलाकों तक पहुंच रहा है, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि हाथियों का झुंड दोबारा भी गांव की ओर रुख कर सकता है। कई परिवारों ने रात खेतों और घरों की निगरानी में बिताई।

ग्रामीणों ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन से तत्काल गांव पहुंचकर नुकसान का आकलन करने तथा प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने और मानव-हाथी संघर्ष को रोकने के लिए स्थायी उपाय किए जाने की भी मांग उठाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है।
