सुरदा/मुसाबनी (प्रतिनिधि) : हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (HCL/ICC) के अधीन संचालित सुरदा माइंस में ठेका मजदूरों के शोषण के खिलाफ आक्रोश तेज हो गया है। बुधवार को ठेका कंपनी आर के अर्थ रिसोर्सेस प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
आंदोलन की अगुवाई झामुमो नेता सह पूर्व जिला परिषद सदस्य बाघराय मार्डी ने की। इस दौरान सुरदा बाजार हाट में मजदूरों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन की रणनीति तय की गई।
बाघराय मार्डी ने कहा कि कंपनी प्रबंधन द्वारा श्रम कानूनों का खुलेआम उल्लंघन करते हुए ठेका मजदूरों के साथ शोषणकारी और दमनकारी नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर मजदूरों की मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो सुरदा माइंस का ‘हुडका जाम’ किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी।
मजदूरों की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं :
मजदूरों ने अपनी समस्याओं को लेकर एक मांग पत्र सौंपा है, जिसमें कैंटीन और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, यूनिफॉर्म व ड्रेसिंग रूम, मेडिकल डिस्पेंसरी, ओवरटाइम का डबल भुगतान, समय पर वेतन भुगतान, एचआर, कन्वेयंस, डीए, वॉशिंग, अंडरग्राउंड व नाइट शिफ्ट भत्ता सहित अन्य सभी सुविधाएं देने की मांग की गई है।
इसके अलावा मजदूरों ने राष्ट्रीय अवकाश, ईएल, सीएल, सिकल लीव, फेस्टिवल लीव की सुविधा, पीएफ, बोनस, ईएसआई और बीमा की व्यवस्था, ड्यूटी के दौरान दुर्घटना या मृत्यु पर मुआवजा और आश्रित को नौकरी, ड्यूटी आने-जाने के दौरान दुर्घटना पर खर्च वहन, ज्वाइनिंग लेटर में वेतन संरचना स्पष्ट करने, आईडी कार्ड जारी करने, 60 वर्ष तक सेवा सीमा तय करने, बचे मजदूरों का अपग्रेडेशन तथा मोटरसाइकिल स्टैंड की व्यवस्था की भी मांग रखी है।
बैठक में बड़ी संख्या में ठेका मजदूर शामिल हुए और एकजुट होकर अपने हक-अधिकार की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया। मजदूरों ने स्पष्ट कहा कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
