जमशेदपुर: बिष्टुपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लोडेड पिस्तौल के साथ दहशत फैलाने की साजिश रचता शातिर गिरफ्तार

हथियार के बल पर खौफ पैदा करने का मंसूबा नाकाम; सुबह-सुबह बेलीबोधन घाट पर बिष्टुपुर पुलिस ने दबोचा शातिर।

Johar News Times
3 Min Read

बिष्टुपुर थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी वारदात और शहर में दहशत फैलाने की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने बेलीबोधन घाट के पास से एक 19 वर्षीय युवक को एक अवैध लोडेड देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्यपुर-2 के रहने वाले निहाल कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।

शनिवार को आयोजित एक प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ने मामले का खुलासा करते हुए पूरी जानकारी साझा की।

सिटी एसपी ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी कि बेलीबोधन घाट के आसपास एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। वह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने या इलाके में खौफ पैदा करने की फिराक में है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर तुरंत एक्शन लिया गया। सिटी एसपी और डीएसपी सीसीआर के मार्गदर्शन में बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन कर मौके पर भेजा गया।

पुलिस को देख भागने लगा आरोपी, खदेड़कर दबोचा

जैसे ही विशेष पुलिस टीम बेलीबोधन घाट पहुंची, उन्हें एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी और जवानों को देखकर आरोपी युवक सकपका गया और उसने भागने की कोशिश की। लेकिन सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर पीछा करते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।

क्या-क्या हुआ बरामद? तलाशी के दौरान आरोपी निहाल कुमार गुप्ता के पास से एक देसी पिस्तौल (लोडेड) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पूछताछ में कबूला- ‘लोगों को डराने और धौंस जमाने के लिए रखता था हथियार’

थाने लाकर जब पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इलाके में लोगों के बीच भय और दहशत का माहौल बनाने तथा डराने-धमकाने के इरादे से हथियार लेकर घूम रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के तार किसी बड़े आपराधिक गिरोह से तो नहीं जुड़े हैं और वह यह हथियार कहाँ से लाया था।

Share This Article