टीम इंडिया के नए टी20 कप्तान पर आज फैसला, श्रेयस अय्यर की ताजपोशी तय! वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है पहला मौका

टीम इंडिया के नए टी20 कप्तान पर आज फैसला, श्रेयस अय्यर की ताजपोशी तय! वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है पहला मौका

Johar News Times
2 Min Read

नई दिल्ली : भारत के आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 टीम का ऐलान शनिवार, 6 जून को होने की संभावना है। चयन समिति की बैठक में सिर्फ टीम ही नहीं, बल्कि टी20 प्रारूप के नए कप्तान और उपकप्तान के नाम पर भी मुहर लग सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कप्तानी की दौड़ में सबसे आगे श्रेयस अय्यर हैं, जबकि मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव से यह जिम्मेदारी वापस ली जा सकती है। सूत्रों के अनुसार चयनकर्ताओं, मुख्य कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के बीच श्रेयस अय्यर को कप्तान और तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाने पर सहमति बन चुकी है।

टी20 विश्व कप 2026 में भारत को खिताब दिलाने के बावजूद सूर्यकुमार यादव का व्यक्तिगत प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। उन्होंने टूर्नामेंट में नौ पारियों में 242 रन बनाए, जबकि आईपीएल 2026 में भी उनका प्रदर्शन साधारण रहा। इसी वजह से टीम प्रबंधन भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए नेतृत्व परिवर्तन पर विचार कर रहा है। वहीं 31 वर्षीय श्रेयस अय्यर की टीम इंडिया में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। उन्होंने आईपीएल 2026 में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 498 रन बनाए और अपनी कप्तानी क्षमता से भी चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।

वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है बड़ा इनाम

टीम चयन में सबसे अधिक नजरें 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी। आईपीएल 2026 में उनके विस्फोटक प्रदर्शन ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। अगर उन्हें टीम में शामिल किया जाता है, तो वह भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के इतिहास के सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हो सकते हैं। भारत 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मुकाबले खेलेगा। इसके बाद टीम 1 से 11 जुलाई के बीच इंग्लैंड दौरे पर पांच टी20 मैचों की श्रृंखला खेलेगी। हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अंतिम तस्वीर चयन समिति की बैठक के बाद ही साफ होगी।

Share This Article