खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमले के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तारीफ में बोले खान सर— ‘10 में 10 नंबर’

खान सर के कोचिंग सेंटर पर हमले के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की तारीफ में बोले खान सर— ‘10 में 10 नंबर’

Johar News Times
4 Min Read

पटना में फायरिंग, तोड़फोड़ और पत्थरबाजी के बाद तीन हिरासत में; पुलिस कार्रवाई से प्रभावित खान सर ने कहा— फिल्मी अंदाज में हुई गिरफ्तारी, व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री को देंगे धन्यवाद,

पटना। राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट के बाहर फायरिंग, तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लिया है। घटना में संस्थान का एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है। मामले की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों समेत कई टीमें लगातार कार्रवाई में जुटी हैं। पुलिस के अनुसार, घटना कोचिंग संस्थानों के बीच कथित प्रतिद्वंद्विता से जुड़ी हो सकती है। कदमकुआं थाना क्षेत्र में चार लोगों को नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों में मुसल्लहपुर क्षेत्र में संचालित एक कोचिंग संस्थान के संचालक भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ कर रही है।

घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि घायल सुरक्षा गार्ड और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। इधर, पूरे मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खान सर काफी प्रभावित नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ऑडियो में उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार पुलिस की खुलकर सराहना की है। खान सर ने कहा कि रात में तीन-चार बजे तक पुलिस लगातार कार्रवाई करती रही और जिस तेजी से आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की गई, वह किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं था।

उन्होंने कहा, “मान गए भइया, पुलिस ने बहुत तगड़ा एक्शन लिया है। हमने सोचा भी नहीं था कि इतनी तेजी से कार्रवाई होगी। पूरे इलाके को पुलिस छावनी बना दिया गया था। पुलिस को 10 में 10 नंबर।”

खान सर ने आगे कहा कि उन्हें पहले लगता था कि लंबे प्रशासनिक अनुभव के कारण नीतीश कुमार की तुलना में सम्राट चौधरी को कम अनुभव होगा, लेकिन इस घटना के बाद उनकी धारणा बदल गई। उन्होंने कहा कि अवसर मिलने पर वे व्यक्तिगत रूप से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलकर उनका धन्यवाद करेंगे।

खान सर के अनुसार, देर रात स्वयं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उनके आवास पहुंचे थे। इसके अलावा सिटी एसपी, एसडीपीओ, डीएसपी और कई थानों की पुलिस टीम लगातार कार्रवाई में लगी रही। उन्होंने दावा किया कि पुलिस संदिग्धों की तस्वीरें भेजकर पहचान करवा रही थी और कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, कोचिंग संस्थानों के बीच वर्चस्व की लड़ाई को भी इस हमले की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस सभी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

Share This Article