एएनएम प्रियंका कुमारी की तत्परता से सुरक्षित हुआ प्रसव, मां और दोनों नवजात स्वस्थ,
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के झुमरी तिलैया में मंगलवार रात एक अनोखी और प्रेरणादायक घटना सामने आई। अस्पताल ले जाई जा रही एक गर्भवती महिला को रास्ते में अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई, जिसके बाद उसने चलती टोटो में ही जुड़वा बच्चों को जन्म दे दिया।
घटना राजगढ़िया रोड की बताई जा रही है। प्रसव पीड़ा बढ़ने के कारण महिला को अस्पताल पहुंचाने से पहले ही डिलीवरी की नौबत आ गई। इसी दौरान वहां से गुजर रही एएनएम प्रियंका कुमारी ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल मोर्चा संभाला और बिना समय गंवाए सुरक्षित प्रसव कराया। एएनएम ने जच्चा और दोनों नवजात शिशुओं को आवश्यक प्राथमिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराई। उनकी तत्परता और सूझबूझ के कारण प्रसव सुरक्षित रूप से संपन्न हुआ। राहत की बात यह रही कि मां और दोनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित हैं।

घटना के दौरान टोटो चालक ने भी धैर्य और संवेदनशीलता का परिचय दिया। स्थानीय लोगों ने एएनएम प्रियंका कुमारी और टोटो चालक की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सजगता और मानवीय पहल से किसी संभावित अनहोनी को टाल दिया गया। जुड़वा बच्चों के जन्म के बाद एम्बुलेंस की सहायता से महिला और नवजातों को आगे की चिकित्सकीय देखरेख के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। चलती टोटो में सुरक्षित प्रसव की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
