सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन को पूरी तरह से रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में ‘जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स’ की एक हाई-लेवल बैठक संपन्न हुई। बैठक में अवैध बालू, पत्थर और मिट्टी के उठाव को रोकने, राजस्व बढ़ाने और बंद पड़े बालू घाटों को जल्द शुरू करने को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत में जिला खनन पदाधिकारी श्री ज्योति शंकर शतपथी ने पीपीटी के माध्यम से जिले में चल रही खनन गतिविधियों, अब तक हुई छापेमारी, दर्ज मुकदमों और राजस्व वसूली की अद्यतन स्थिति की जानकारी दी।
उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने दोटूक शब्दों में कहा कि जिले में किसी भी तरह का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निम्नलिखित निर्देश दिए:
- सभी अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्ती बढ़ाएं और संवेदनशील इलाकों में औचक छापेमारी करें।
- बंदोबस्त किए जा चुके बालू घाटों की पर्यावरणीय स्वीकृति समेत अन्य कागजी प्रक्रियाएं 15 दिनों के भीतर पूरी करें, ताकि आम जनता को सही दाम पर बालू मिल सके।
- जिले के सभी वैध और अवैध ईंट भट्टों की ड्रोन या जीपीएस से मैपिंग कर सूची बनाई जाएगी। अवैध रूप से चल रहे भट्टों को तुरंत सील कर मालिकों पर FIR दर्ज होगी।
- खनन राजस्व के लक्ष्य को समय पर पूरा करें और जो बकायेदार हैं, उन पर सर्टिफिकेट केस कर वसूली की जाए।
एसपी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निधि द्विवेदी ने पुलिस और संबंधित विभागों को सुरक्षा व जांच के कड़े मापदंड अपनाने को कहा:
- खनन, वन, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम हर हफ्ते कम से कम दो बार औचक निरीक्षणकरेगी।
- अवैध खनिज ले जाते पकड़े जाने पर न केवल गाड़ी जब्त होगी, बल्कि वाहन मालिक, चालक और खनन माफिया तीनों पर कड़ी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
- जिले की सीमाओं पर बने सभी चेकपोस्ट 24×7 एक्टिव रहेंगे और वहां सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
परमिट होगा रद्द, वन विभाग भी चलाएगा अभियान बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि यदि कोई वाहन बिना माइनिंग चालान के पकड़ा जाता है, तो परिवहन विभाग उसका परमिट रद्द करने की कार्रवाई करेगा। इसके अलावा, वन क्षेत्र में होने वाले अवैध उत्खनन पर लगाम लगाने के लिए डीएफओ के नेतृत्व में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर समाहर्ता, सरायकेला एवं चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी , जिला खनन पदाधिकारी , जिला परिवहन पदाधिकारी , सभी अंचलाधिकारी, सभी थाना प्रभारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी और खनन निरीक्षक मुख्य रूप से उपस्थित थे।
