कोडरमा के एनसीसी कैडेट आकाश ने 18 हजार फीट पर लहराया तिरंगा, लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत

कोडरमा के एनसीसी कैडेट आकाश ने 18 हजार फीट पर लहराया तिरंगा, लौटने पर हुआ जोरदार स्वागत

Johar News Times
2 Min Read

कोडरमा जिले के कोरियाडीह गांव निवासी और सीएच प्लस टू उच्च विद्यालय के एनसीसी कैडेट आकाश कुमार ने 18 हजार फीट की ऊंचाई पर तिरंगा फहराकर झारखंड का नाम रोशन किया है। महज 17 वर्ष की उम्र में आकाश ने राष्ट्रीय पर्वतारोहण एवं साहसिक खेल संस्थान, दिरांग में आयोजित उन्नत पर्वतारोहण प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया।

प्रशिक्षण पूरा कर लौटने पर कोडरमा रेलवे स्टेशन पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। स्टेशन परिसर फूल-मालाओं, मिठाइयों और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। एनसीसी कैडेटों और शुभचिंतकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया। आकाश झारखंड के पहले एनसीसी कैडेट बन गए हैं जिन्होंने दिरांग स्थित संस्थान से एडवांस पर्वतारोहण प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया है।

साधारण परिवार से आने वाले आकाश के पिता तमिलनाडु में पोकलेन मशीन चालक हैं। दूरी के कारण वे समारोह में शामिल नहीं हो सके, जिसे याद कर आकाश भावुक हो गए। विद्यालय के प्राचार्य कृष्णकांत तिवारी ने मिठाई भेजकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

आकाश ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, कमांडिंग ऑफिसर विजय कुमार, लेफ्टिनेंट राधिका, द्वितीय अधिकारी नवीन चौधरी और पूरी बटालियन टीम को दिया। इस मौके पर 45 झारखंड बटालियन के सूबेदार मेजर जीके चौधरी, प्रशिक्षण जेसीओ बलविंदर, सुधीर मिश्रा, अरुण कुमार पाल, नवीन चौधरी समेत बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट और परिजन मौजूद रहे।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article