साहिबगंज जिले के सुप्रसिद्ध उधवा झील पक्षी आश्रयणी क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। संरक्षित क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर वन्यजीवों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को वन विभाग ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मौके से शिकारी की नाव और जाल को भी जब्त कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे के नेतृत्व में वन विभाग की टीम नियमित गश्ती पर थी। इसी दौरान टीम ने देखा कि एक व्यक्ति नाव के सहारे प्रतिबंधित और संरक्षित पक्षी आश्रयणी क्षेत्र में घुसकर जाल बिछा रहा है। वह वन्यजीवों और वन संपदा को नुकसान पहुंचाने की फिराक में था।
वन विभाग की गश्ती टीम को अपनी तरफ आते देख आरोपी ने नाव लेकर मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि, वनकर्मियों ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। जब्त की गई नाव और जाल को वन क्षेत्र कार्यालय, तालझारी लाया गया है।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, पकड़ा गया व्यक्ति शातिर है और पूर्व में भी इस तरह की अवैध व संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहा है। आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और अन्य संबंधित गंभीर धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग ने इस कार्रवाई के बाद कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि उधवा झील पक्षी आश्रयणी जैसे संवेदनशील और संरक्षित क्षेत्रों में किसी भी बाहरी व्यक्ति का अनधिकृत प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित है। वन्यजीवों या वन संपदा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करने वाले शिकारियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी ऐसा सख्त अभियान जारी रहेगा।
इस सफल कार्रवाई में वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे के साथ प्रभारी वनपाल राणा रंजीत, प्रधान वनरक्षी अखिलेश मरांडी, प्रेम कुमार, पप्पू कुमार सहित अन्य वनकर्मी मुख्य रूप से शामिल थे।
