रामगढ़ : झारखंड के रामगढ़ जिले में पतरातू थाना पुलिस ने फायरिंग और बमबाजी की घटनाओं में शामिल राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दीपक करमाली उर्फ नेपाली के रूप में हुई है। उसके पास से एक देसी पिस्टल और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
इस मामले की जानकारी एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य कर रही एमजीसीपीएल कंपनी, ओसम डेयरी प्लांट और अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में फायरिंग कराने वाला आरोपी उचरींगा क्षेत्र में मौजूद है।सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उचरींगा आंगनबाड़ी केंद्र के पास से दीपक करमाली उर्फ नेपाली को गिरफ्तार कर लिया।
कई फायरिंग मामलों में संलिप्तता स्वीकार
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पहले अमन साव गिरोह के लिए काम करता था और वर्तमान में राहुल दुबे गिरोह के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने 29 मार्च 2026 को एमजीसीपीएल कंपनी के रेलवे ओवरब्रिज निर्माण स्थल पर फायरिंग और बमबाजी, 4 अप्रैल 2026 को ओसम डेयरी प्लांट में फायरिंग और 12 अप्रैल 2026 को अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में फायरिंग की घटना में शामिल होने की बात कबूल की है।
कई गंभीर मामले दर्ज
गिरफ्तार आरोपी दीपक करमाली उर्फ नेपाली, पिता मनपुरण करमाली, ग्राम हेसला, थाना पतरातू, जिला रामगढ़ का निवासी है। उसके खिलाफ पतरातू, रामगढ़ और बड़कागांव थाना में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को पतरातू थाना कांड संख्या 91/2026 के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। छापामारी दल में एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, पतरातू अंचल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भदानीनगर प्रभारी अख्तर अली, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
