चतरा : झारखंड के चतरा जिले स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से करीब 100 वर्ष पुरानी अष्टधातु की बहुमूल्य मूर्ति चोरी होने के मामले का पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना के महज दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई मूर्ति भी बरामद कर ली। पुलिस के अनुसार चोरी हुई अष्टधातु की मूर्ति बेहद दुर्लभ है, जिसमें सभी 24 तीर्थंकरों की आकृतियां एक साथ बनी हुई हैं। मूर्ति की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए मामले को गंभीरता से लिया गया।
विशेष टीम गठित कर आरोपी को पकड़ा
मामले को लेकर एसपी ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। इसके बाद ईटखोरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदीप सिंह नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई अष्टधातु की मूर्ति बरामद कर ली। पुलिस ने मूर्ति की कीमत भी बताई है, हालांकि इसकी वास्तविक ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता कहीं अधिक मानी जा रही है।
नशे की हालत में की थी चोरी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी धूम्रपान और नशे का आदी है। बताया गया कि उसने गांजे के नशे में इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। एसपी के मुताबिक आरोपी चोरी की गई बहुमूल्य मूर्ति को बेचने के लिए दिल्ली के करोल बाग जाने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेवसाइट, पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com
