रेलवे यार्ड में गांजा तस्करी का खुलासा, पुलिस-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में दो गिरफ्तार

रेलवे यार्ड में गांजा तस्करी का खुलासा, पुलिस-आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में दो गिरफ्तार

Johar News Times
2 Min Read

धनबाद : धनबाद पुलिस और आरपीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेलवे यार्ड में चल रहे गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब पांच किलो गांजा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार रात करीब 8:20 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोटरसाइकिल से गांजा लेकर धनसार थाना क्षेत्र के काठपुल बरमसिया स्थित रेलवे यार्ड पहुंचे हैं और गंगा-सतलज ट्रेन के जरिए उसकी तस्करी की जा रही है।

सूचना के बाद धनसार थाना पुलिस और आरपीएफ ने संयुक्त रूप से रेलवे यार्ड के पास घेराबंदी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि एक युवक बाइक से उतरकर दूसरे युवक को बैग दे रहा था। पुलिस को देखते ही बाइक सवार एक आरोपी फरार हो गया, जबकि दो युवकों को पकड़ लिया गया।
तलाशी लेने पर बैग से पांच अलग-अलग प्लास्टिक पैकेट में रखा करीब पांच किलो गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनसार थाना क्षेत्र के दुहाटांड़ निवासी 37 वर्षीय मुकेश राम और जामताड़ा के फतेहपुर निवासी 25 वर्षीय राहुल कुमार मोदी के रूप में हुई है।

पूछताछ में राहुल मोदी ने बताया कि वह रेलवे में अटेंडेंट के रूप में कार्यरत है और नौकरी का फायदा उठाकर ट्रेन के जरिए गांजा तस्करी करता था। उसने पहले से इस अवैध कारोबार में शामिल होने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है। कार्रवाई में धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली, अंचल अधिकारी रामप्रवेश कुमार, आरपीएफ और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share This Article