कोडरमा : हजारीबाग एसीबी की टीम ने बिजली विभाग के एक कर्मी को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मी की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई है, जो झुमरीतिलैया स्थित विद्युत कार्यालय में लाइनमैन के पद पर कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार डोमचांच थाना क्षेत्र के सपही निवासी राजू यादव का नीरू पहाड़ी के समीप ऐश ब्रिक्स का प्लांट था। इसके लिए उन्होंने कुछ वर्ष पहले कमर्शियल बिजली कनेक्शन लिया था। गत वर्ष प्लांट बंद होने के बाद उन्होंने बिजली कनेक्शन कटवाने और सिक्योरिटी मनी वापस लेने के लिए झुमरीतिलैया स्थित बिजली कार्यालय में आवेदन दिया। राजू यादव ने बताया कि सिक्योरिटी मनी वापस लेने के लिए उन्हें कई बार बिजली कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ा। इसी दौरान उनकी मुलाकात लाइनमैन सुनील कुमार से हुई। आरोप है कि सुनील ने बिजली कनेक्शन रद्द करने और सिक्योरिटी मनी वापस कराने के बदले 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
रिश्वत की मांग से परेशान होकर राजू यादव ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद एसीबी की टीम गुरुवार को बिजली कार्यालय के पास पहुंची और जाल बिछाकर सुनील कुमार को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी लाइनमैन को अपने साथ हजारीबाग ले गई। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
