मईया सम्मान योजना सत्यापन में महिलाओं की परीक्षा, भीषण गर्मी में घंटों लाइन में खड़ी रहीं लाभुक

मईया सम्मान योजना सत्यापन में महिलाओं की परीक्षा, भीषण गर्मी में घंटों लाइन में खड़ी रहीं लाभुक

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर में मुख्यमंत्री मईया सम्मान योजना के फिजिकल सत्यापन के दौरान महिलाओं को भीषण गर्मी और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न सत्यापन केंद्रों पर सुबह से ही महिलाओं की लंबी कतारें लग गईं। 42 डिग्री से अधिक तापमान और लू जैसी स्थिति के बीच महिलाएं घंटों धूप में खड़ी होकर अपनी बारी का इंतजार करती रहीं।

दरअसल, योजना के तहत कई लाभुक महिलाओं के खाते में पिछले कुछ महीनों से सम्मान राशि नहीं पहुंच रही है। कहीं तकनीकी त्रुटि तो कहीं दस्तावेज और सत्यापन लंबित होने के कारण भुगतान अटक गया है। इसी समस्या के समाधान के लिए प्रशासन द्वारा फिजिकल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जा रहा है।

जुगसलाई, परसुडीह, बागबेड़ा और अन्य इलाकों से बड़ी संख्या में महिलाएं सत्यापन कराने पहुंचीं। कई महिलाओं ने आरोप लगाया कि केंद्रों पर न तो पर्याप्त छाया की व्यवस्था थी और न ही पीने के पानी की सुविधा। बुजुर्ग महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ आई लाभुकों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।

जुगसलाई निवासी सुनीता देवी ने बताया कि पिछले तीन महीने से योजना की राशि नहीं मिली है। सुबह से लाइन में खड़े रहने के बावजूद प्रक्रिया काफी धीमी चल रही थी। वहीं, परसुडीह की मालती महतो ने कहा कि सरकार को वार्डवार तिथि या टोकन सिस्टम लागू करना चाहिए था ताकि लोगों को धूप में घंटों इंतजार न करना पड़े।

इधर, प्रशासन की ओर से कहा गया है कि सत्यापन प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है और सभी पात्र महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा। अधिकारियों ने केंद्रों पर पानी और छाया की व्यवस्था बेहतर करने का आश्वासन भी दिया है।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेवसाइट, पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

Share This Article