पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिज परिवहन के खिलाफ जिला खनन टास्क फोर्स ने सख्त कार्रवाई करते हुए छह वाहनों को जब्त किया है। जिले में खनिजों के अवैध दोहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई। जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान मनोहरपुर थाना क्षेत्र में बिना वैध परिवहन चालान के गिट्टी (स्टोन चिप्स) लदी दो हाइवा पकड़ी गईं। दोनों वाहन अवैध रूप से खनिज का परिवहन कर रहे थे।
वहीं मंझारी थाना क्षेत्र में बालू लदा एक ट्रैक्टर और मुफस्सिल थाना क्षेत्र में बालू लदे तीन ट्रैक्टर बिना वैध दस्तावेजों के खनिज ढोते पाए गए। जांच में सामने आया कि सभी वाहन राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और राज्य सरकार के खनन संबंधी नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। टास्क फोर्स ने कार्रवाई करते हुए सभी छह वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों के सुपुर्द कर दिया। वाहन मालिकों और चालकों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जिला खनन पदाधिकारी ने कहा कि एनजीटी के आदेश और राज्य सरकार के प्रावधानों के अनुरूप अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए नियमित रूप से सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिज परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। दोषियों पर जुर्माने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि खनिज परिवहन के दौरान सभी वैध दस्तावेज अपने साथ रखें और नियमों का पालन करें।
