पुलिस अस्पताल, जमशेदपुर में निःशुल्क दंत स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन

पुलिस अस्पताल, जमशेदपुर में निःशुल्क दंत स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर, वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम श्री पीयूष पांडेय के निर्देशानुसार पुलिस अस्पताल, जमशेदपुर में पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों के लिए निःशुल्क दंत स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर अन्नूपर्णा डेंटल क्लिनिक की संचालिका डॉ. सोनी शर्मा के सहयोग से आयोजित किया गया।

शिविर में लगभग 95 पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों ने भाग लेकर निःशुल्क दंत परीक्षण, चिकित्सीय परामर्श एवं दंत स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त की। शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल के सदस्यों को दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा प्रारंभिक अवस्था में दंत रोगों की पहचान कर उचित उपचार के लिए मार्गदर्शन प्रदान करना था।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक श्री ऋषभ त्रिवेदी, यातायात पुलिस उपाधीक्षक श्री नीरज पाठक, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, सीसीआर पुलिस उपाधीक्षक श्री मनोज ठाकुर, पुलिस अस्पताल प्रभारी श्री राकेश दुबे सहित अन्य पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

अतिथियों ने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी निरंतर जनसेवा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके स्वास्थ्य की नियमित देखभाल अत्यंत आवश्यक है।

डॉ. सोनी शर्मा ने बताया कि भविष्य में भी समाजहित एवं जनस्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
शिविर के सफल आयोजन के लिए उपस्थित अधिकारियों, चिकित्सकों एवं सहयोगी कर्मियों ने सभी प्रतिभागियों तथा आयोजन से जुड़े लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share This Article