मुंबई : झारखंड विधानसभा की महिला एवं बाल विकास समिति के महाराष्ट्र एक्सपोज़र विज़िट के दौरान समिति सदस्य कल्पना सोरेन ने मुंबई में कई महत्वपूर्ण संस्थानों और व्यवस्थाओं का अध्ययन किया। अपने दौरे के दौरान उन्होंने पहले महाराष्ट्र इंस्टिट्यूशन फॉर ट्रांसफॉर्मेशन (MITRA) के कार्यालय का भ्रमण किया और इसके गठन, उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
कल्पना सोरेन ने कहा कि MITRA राज्य में नीति निर्धारण, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए बजट जुटाने और सामाजिक विकास से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी एवं समर्पित ढंग से कार्य कर रहा है, जो अत्यंत प्रशंसनीय और अनुकरणीय है।
अपने दूसरे दिन के दौरे में उन्होंने मुंबई में कार्यरत महिलाओं और घर से दूर रहकर पढ़ाई कर रही छात्राओं के लिए सरकार के सहयोग से संचालित महिला हॉस्टलों का निरीक्षण किया तथा उनके संचालन तंत्र को समझा। उन्होंने कहा कि यह अनुभव अत्यंत प्रेरणादायक रहा।
उन्होंने आगे कहा कि बढ़ती महंगाई, सुरक्षित आवास की चुनौती और परिवार से दूर रहने की परिस्थितियों के बीच ऐसे महिला हॉस्टल हजारों महिलाओं और छात्राओं के लिए मजबूत सहारा बन रहे हैं। मुंबई में पिछले कुछ वर्षों में इस दिशा में कई सकारात्मक और प्रभावी पहल देखने को मिली हैं।

कल्पना सोरेन ने यह भी कहा कि झारखंड जैसे राज्यों में भी ऐसी व्यवस्थाओं की अत्यंत आवश्यकता है, विशेषकर उन बेटियों और महिलाओं के लिए जो उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं या रोजगार के लिए अपने घरों से दूर रहती हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि सरकार, सामाजिक संस्थाएं और उद्योग समूह मिलकर सुरक्षित, सस्ती और सुव्यवस्थित महिला हॉस्टलों का नेटवर्क विकसित करें, तो यह महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
