JPSC ने जारी किया सिविल जज प्रारंभिक परीक्षा का संशोधित परिणाम, हाईकोर्ट के अंतिम फैसले पर रहेगी वैधता

JPSC ने जारी किया सिविल जज प्रारंभिक परीक्षा का संशोधित परिणाम, हाईकोर्ट के अंतिम फैसले पर रहेगी वैधता

Johar News Times
2 Min Read

रांची : झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) नियुक्ति परीक्षा-2023 का संशोधित प्रारंभिक परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। यह भर्ती प्रक्रिया राज्य न्यायिक सेवा में 138 रिक्त पदों को भरने के लिए संचालित की जा रही है।

आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 10 मार्च 2024 को आयोजित प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा की उत्तर कुंजी पर अभ्यर्थियों की ओर से विभिन्न आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। न्यायिक प्रक्रिया और संबंधित आदेशों के आलोक में उत्तर कुंजी में संशोधन किया गया, जिसके आधार पर परीक्षा परिणाम का पुनर्मूल्यांकन कर नया परिणाम प्रकाशित किया गया है।

जेपीएससी ने बताया कि संशोधित परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि या टंकण संबंधी गलती पाई जाती है तो उसमें आवश्यक संशोधन करने का अधिकार उसके पास सुरक्षित रहेगा।

आयोग के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कुछ मामले वर्तमान में झारखंड उच्च न्यायालय में विचाराधीन हैं। ऐसे में जारी किया गया यह संशोधित परिणाम न्यायालय के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर उच्च न्यायालय के आदेश के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के 138 पदों पर नियुक्ति के लिए यह परीक्षा आयोजित की गई थी और अभ्यर्थियों को लंबे समय से संशोधित परिणाम का इंतजार था।

Share This Article