रामगढ़: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय कार्यकर्ता बैठक शनिवार को छतरमांडू स्थित सनराइज रिसोर्ट में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता रामगढ़ जिला अध्यक्ष ज्योतिंद्र प्रसाद साहू ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद एवं जदयू प्रदेश अध्यक्ष खीरु महतो मौजूद रहे।
बैठक में आगामी पंचायत चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति, बूथ स्तर तक पार्टी के विस्तार तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। खीरू महतो ने कार्यकर्ताओं से अभी से पंचायत चुनाव की तैयारी में जुटने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार अब तक नियोजन नीति, विस्थापन नीति और स्थानीय नीति लागू करने में विफल रही है। इन मुद्दों को जनहित से जुड़ा बताते हुए उन्होंने कहा कि जदयू सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन चलाएगी। साथ ही राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी संगठनात्मक संघर्ष को तेज करने पर विचार किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सुधा चौधरी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है।
बैठक में प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार, डॉ. आफताब जमील, धर्मेंद्र तिवारी, राधेश्याम प्रसाद, रामधनी प्रसाद कुशवाहा, सुरेश वर्मा, बालेश्वर तुरी, दिनेश्वर शर्मा, प्रदीप रजक, खुशबू कुमारी, पिंटू सिंह, प्रभु दयाल कुशवाहा, कृष्णा सिंह घटवार, रामाशीष डांगी, प्रदीप महतो सहित धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, बोकारो और रामगढ़ के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में संगठन को पंचायत स्तर तक सशक्त बनाने तथा जनसरोकार के मुद्दों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
