अभियान फॉर ए बेटर टुमॉरो’ ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, जन्मदिन पर पौधारोपण की परंपरा निभाई,
घाटशिला, मानसून की पहली बारिश के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सामाजिक संस्था ‘अभियान फॉर ए बेटर टुमॉरो’ ने रविवार को राजस्टेट मैदान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने सप्तपर्णी और अर्जुन के पौधे लगाकर उनकी सुरक्षा के लिए बांस और जाली भी लगाई।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रो. मित्रेश्वर ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण प्रदूषण पूरी दुनिया के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। बढ़ते तापमान, जलवायु परिवर्तन और लगातार पड़ रही हीट वेव जैसी समस्याओं से निपटने के लिए बड़े पैमाने पर पौधारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। साथ ही लोगों को पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने की जरूरत है।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि ‘अभियान फॉर ए बेटर टुमॉरो’ अपने प्रत्येक सदस्य के जन्मदिन पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। इसी कड़ी में संस्था के सक्रिय सदस्य डॉ. अनुराग के जन्मदिन के अवसर पर यह विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में राजस्टेट क्लब के काशीनाथ नमाता और उनके सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पौधारोपण अभियान में प्रो. सुबोध कुमार सिंह, साधुचरण पाल, साधना पाल, ब्रजकिशोर दास, विजय कुमार सिन्हा, राकेश कुमार शर्मा, अंशुमान, गोपाल किस्कू, डॉ. अनुराग, इंदल पासवान, अद्वित, किट्टू, आकाश सहित क्लब और संस्था के अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
संस्था ने क्षेत्रवासियों से इस मानसून में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें सुरक्षित रखने की अपील की।
