Ghatshila News : एक साल से अधूरी सड़क पर भड़के विधायक सोमेश सोरेन, सात दिन का अल्टीमेटम देकर कार्रवाई की चेतावनी

Ghatshila News : एक साल से अधूरी सड़क पर भड़के विधायक सोमेश सोरेन, सात दिन का अल्टीमेटम देकर कार्रवाई की चेतावनी

Johar News Times
2 Min Read

घाटशिला : हाता-मुसाबनी मुख्य सड़क से गाजूडीह तक बनने वाली 1.665 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य एक वर्ष से अधूरा पड़े रहने पर विधायक सोमेश सोरेन ने रविवार को स्थल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क की बदहाल स्थिति देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को सात दिनों के भीतर काम शुरू कराने का अल्टीमेटम दिया। ग्रामीण कार्य विभाग, प्रमंडल जमशेदपुर की ओर से 1.17 करोड़ रुपये की लागत से सड़क सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। विधायक ने पाया कि ठेकेदार सड़क को खोदकर छोड़ चुका है, जिससे जगह-जगह गड्ढों में पानी भर गया है और ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मौके पर पहुंचे विधायक ने कार्यपालक अभियंता नीरज मिश्रा को फोन कर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के प्रति लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। विधायक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सात दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आठवें दिन विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

सोमेश सोरेन ने कहा कि विकास योजनाओं को समय पर पूरा कराना उनकी प्राथमिकता है और अधूरे कार्यों के कारण जनता को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान जगदीश भगत, काजल डॉन, माझी बाबा घासिया किस्कू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को लेकर विधायक की सक्रियता और हस्तक्षेप की सराहना की।

Share This Article