Chakulia News : चाकुलिया में 32 करोड़ का सोलर पावर प्लांट बनेगा बिजली संकट का स्थायी समाधान, 5 मेगावाट उत्पादन की क्षमता

Chakulia News : चाकुलिया में 32 करोड़ का सोलर पावर प्लांट बनेगा बिजली संकट का स्थायी समाधान, 5 मेगावाट उत्पादन की क्षमता

Johar News Times
2 Min Read

चाकुलिया : गर्मी और बारिश के मौसम में बार-बार होने वाली बिजली कटौती से परेशान चाकुलिया के लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। झारखंड ऊर्जा विकास एजेंसी (जेडा) की ओर से नगर पंचायत क्षेत्र के युगीनोली मौजा में 32 करोड़ रुपये की लागत से 5 मेगावाट क्षमता वाले सोलर पावर प्लांट का निर्माण कराया जा रहा है। परियोजना का काम तेजी से चल रहा है और इसके पूरा होने के बाद क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है। स्थानीय विधायक समीर मोहंती की पहल पर शुरू की गई इस योजना के तहत नोएडा की कंपनी स्टेटसन रिन्यूएबल सोलर प्राइवेट लिमिटेड निर्माण कार्य कर रही है। प्लांट में सूर्य ऊर्जा से प्रति घंटे 5 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा, जिसे सीधे चाकुलिया विद्युत उपकेंद्र को उपलब्ध कराया जाएगा। इससे प्रखंड क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

वर्तमान में चाकुलिया को चांडिल स्थित पावर ग्रिड से बिजली मिलती है। आंधी-तूफान या खराब मौसम के दौरान बिजली के तार और खंभे क्षतिग्रस्त होने से घंटों आपूर्ति बाधित रहती है। इसके अलावा लोड शेडिंग की समस्या भी आम है। सोलर पावर प्लांट शुरू होने के बाद दिन के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति संभव हो सकेगी, जबकि रात में भी आपूर्ति व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा।

जेडा के कार्यपालक अभियंता अभिलाष आनंद ने बताया कि 32 करोड़ रुपये की इस परियोजना में प्लांट निर्माण के साथ अगले 25 वर्षों तक उसके रखरखाव की व्यवस्था भी शामिल है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल चाकुलिया की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करेगी, बल्कि क्षेत्र को स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाएगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि सोलर पावर प्लांट शुरू होने के बाद लंबे समय से चली आ रही बिजली संकट की समस्या काफी हद तक दूर होगी और घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारिक एवं कृषि गतिविधियों को भी लाभ मिलेगा।

Share This Article