‘कॉफी विद एसडीएम’ में गढ़वा के विकास पर होगी खुली चर्चा, 10 जून को सामाजिक संगठनों और एनजीओ को बुलावा

'कॉफी विद एसडीएम' में गढ़वा के विकास पर होगी खुली चर्चा, 10 जून को सामाजिक संगठनों और एनजीओ को बुलावा

Johar News Times
2 Min Read

गढ़वा: प्रशासन और आमजन के बीच संवाद को मजबूत बनाने की पहल के तहत गढ़वा अनुमंडल प्रशासन का अनूठा कार्यक्रम ‘कॉफी विद एसडीएम’ इस बार सामाजिक सरोकारों और विकास के मुद्दों पर केंद्रित रहेगा। आगामी 10 जून (बुधवार) को सुबह 11 बजे अनुमंडल कार्यालय सभागार में आयोजित होने वाले इस विशेष संवाद कार्यक्रम में जिले के सामाजिक संगठनों, गैर-सरकारी संस्थाओं (एनजीओ), बुद्धिजीवियों और सामुदायिक कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है।

अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि समाज में सकारात्मक बदलाव और विकास कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन और सामाजिक संगठनों के बीच समन्वय बेहद जरूरी है। जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले संगठनों के पास स्थानीय समस्याओं और उनके समाधान को लेकर महत्वपूर्ण अनुभव और सुझाव होते हैं, जिनका लाभ प्रशासनिक योजनाओं को और अधिक जनहितकारी बनाने में मिल सकता है।

पर्यावरण, नदी संरक्षण और नशामुक्ति जैसे मुद्दों पर होगा मंथन

बैठक में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सरस्वतिया नदी संरक्षण, वृक्षारोपण, सामुदायिक विकास, नशामुक्ति अभियान और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अपने सुझाव सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा।

प्रशासन ने गढ़वा शहर और मेराल क्षेत्र में सक्रिय पंजीकृत एवं गैर-पंजीकृत सामाजिक संगठनों, एनजीओ प्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर संवाद कार्यक्रम को सफल बनाने और जिले के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।

Share This Article