नई दिल्ली: लंबे इंतजार के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू हो गया। सोमवार को पहली निर्धारित उड़ान के साथ यात्री सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इसे उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की विमानन कनेक्टिविटी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने एयरपोर्ट संचालन का उद्घाटन किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग और अधिकारी मौजूद रहे। एयरपोर्ट परिसर को विशेष रूप से सजाया गया था और यात्रियों के स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई थीं। एयरपोर्ट परियोजना के लिए अपनी जमीन देने वाले 170 किसानों को उद्घाटन उड़ान का हिस्सा बनाया गया। इनमें महिला किसान भी शामिल थीं। सम्मान स्वरूप उन्हें नोएडा से लखनऊ जाने वाली पहली विशेष उड़ान में यात्रा का अवसर दिया गया। इस उड़ान में जनप्रतिनिधि और एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।
पहले चरण में एयरपोर्ट से लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद और अमृतसर के लिए सीधी उड़ानें शुरू की गई हैं। इंडिगो पहली परिचालन एयरलाइन बनी है, जबकि आने वाले समय में अन्य शहरों के लिए भी सेवाओं का विस्तार किया जाएगा। एयरपोर्ट शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश, यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक क्षेत्र और एनसीआर में निवेश, रोजगार, पर्यटन, व्यापार और लॉजिस्टिक्स को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पहले चरण में इसकी क्षमता प्रतिवर्ष 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की है। भविष्य में इसका विस्तार कर इसे देश के प्रमुख विमानन केंद्रों में विकसित करने की योजना है।
