डुमरिया, पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड क्षेत्र में सर्पदंश की दो अलग-अलग घटनाओं में एक विवाहिता और एक युवती की मौत हो गई। लगातार हुई इन घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से बारिश के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
जमीन पर सो रही विवाहिता को सांप ने डसा
पहली घटना करनसाई गांव की है। जानकारी के अनुसार अजय सरदार की 18 वर्षीय पत्नी सौरवी सरदार अपने मायके बड़ाबोतला के बहादुरपुर गांव गई हुई थी। गुरुवार रात वह जमीन पर सो रही थी, तभी एक जहरीले चित्ती सांप ने उसकी गर्दन और हाथ की अंगुली पर काट लिया। परिजन उसे तत्काल डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
युवती की भी इलाज के दौरान मौत
दूसरी घटना बेसरपाहड़ी गांव में हुई। यहां दशरथ महाकुड़ की 28 वर्षीय बेटी निनी महाकुड़ को गुरुवार रात सोते समय जहरीले सांप ने हाथ में काट लिया। परिजन उसे भी तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की चेतावनी
दोनों घटनाओं के बाद चिकित्सकों ने ग्रामीणों को बारिश के मौसम में जमीन पर नहीं सोने, घरों और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर उपचार और एंटीवेनम का इस्तेमाल ही सर्पदंश के मामलों में जीवन बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है। इन घटनाओं से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में सर्पदंश से बचाव को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।
