जमशेदपुर: बेरोजगार युवाओं के लिए गुरुवार को गोलमुरी स्थित अवर प्रादेशिक नियोजनालय में एक दिवसीय मेगा जॉब कैंप का आयोजन किया गया। श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कैंप में Tata Motors से जुड़ी कंपनी E-Digital India और V Global Services Pvt. Ltd. ने भाग लिया।
इस भर्ती कैंप में कुल 500 पदों के लिए चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें E-Digital India द्वारा NAPS Trainee के 400 पदों तथा V Global Services द्वारा Installation Engineer और Wireman के 100 पदों के लिए भर्ती की गई।
सुबह से ही बड़ी संख्या में युवा अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ नियोजनालय पहुंचे। कैंप में 10वीं, 12वीं, ITI, डिप्लोमा और स्नातक योग्यताधारी अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया।
कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच कर इंटरव्यू और चयन प्रक्रिया पूरी की। भर्ती कैंप को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और कई अभ्यर्थियों ने इसे रोजगार पाने का बेहतर अवसर बताया।
श्रम विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ऐसे रोजगार मेलों का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना और बेरोजगारी को कम करना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इसी तरह के भर्ती कैंपों का आयोजन जारी रहेगा।
