जमशेदपुर में प्रेमी युगल विवाद ने लिया कानूनी रूप, पंचायत के बाद दोनों पक्षों में FIR, युवक गिरफ्तार

प्रेम प्रसंग से शुरू हुआ विवाद पंचायत से होते हुए FIR और गिरफ्तारी तक पहुंचा

Johar News Times
2 Min Read

जमशेदपुर। परसूडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा में प्रेमी युगल की शादी को लेकर बुलाई गई पंचायत विवाद के बाद मामला पूरी तरह कानूनी रूप ले चुका है। इस प्रकरण में दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जबकि पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, युवती ने आरोप लगाया है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में विवाह से इनकार कर दिया। मामले में पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया है और न्यायालय में धारा 164 के तहत उसका बयान भी दर्ज कराया गया है।

वहीं, दूसरी ओर आरोपी युवक के पिता ने भी चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि पंचायत के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट, गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को सरजामदा में दोनों पक्षों के बीच संबंधों को लेकर पंचायत बुलाई गई थी, जिसमें शादी कराने का निर्णय लिया गया था। लेकिन युवक द्वारा कथित तौर पर विवाह से इनकार करने के बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ।

इसके बाद मामला थाने तक पहुंचा, जहां पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Share This Article