जमशेदपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार को साकची बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर जुर्माना लगाया गया, जबकि सड़क किनारे लगाए गए ठेले, अवैध दुकानों और अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया।
अभियान की शुरुआत साकची के स्ट्रेट माइल रोड से की गई, जहां सड़क पर कब्जा कर लगाए गए ठेले और अवैध दुकानों को हटाया गया। साथ ही सड़क किनारे सामान रखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया।
ट्रैफिक पुलिस और जेएनएसी द्वारा पहले भी कई बार इस क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन कुछ दिनों बाद स्थिति फिर से वैसी ही हो जाती है। इस पर स्थानीय लोगों ने स्थायी समाधान और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
डीएसपी ट्रैफिक नीरज ने कहा कि यातायात नियम सभी के लिए समान हैं और किसी को भी सड़क पर दुकान लगाने या नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की।
वहीं आमबागान क्षेत्र में भी अतिक्रमण को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि गैराज संचालकों द्वारा सड़क पर वाहनों की अवैध पार्किंग से आवागमन बाधित हो रहा है, जिस पर प्रशासन को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।
