17 की उम्र में ग्लैमर का तड़का, अब सियासत में बगावत; जानें कौन हैं एक्ट्रेस से सांसद बनीं सयानी घोष

सयानी ने साल 2021 में टीएमसी जॉइन कर राजनीति में कदम रखा।

Johar News Times
3 Min Read

पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस समय तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद सयानी घोष के नाम की ज़बरदस्त चर्चा है। ममता बनर्जी की बेहद करीबी मानी जाने वाली सयानी ने अब पार्टी से बगावती रुख अख्तियार कर लिया है। शोबिज की दुनिया में कम उम्र में कदम रखने से लेकर संसद तक का सफर तय करने वाली सयानी घोष की कहानी बेहद दिलचस्प है। आइए नजर डालते हैं उनके फिल्मी सफर, राजनीतिक एंट्री और उनके आर्थिक बैकग्राउंड पर।

17 साल की उम्र में एक्टिंग डेब्यू और बोल्ड रोल्स से बनाई पहचान

सयानी घोष ने महज 17 साल की उम्र में एक्टिंग की दुनिया में कदम रख दिया था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टेलीफिल्म ‘इच्छे दाना’ से की थी, जिसके बाद फिल्म ‘नॉटोबोर नॉटआउट’ से उन्होंने बड़े पर्दे पर एंट्री ली। इसके बाद उन्होंने ‘शोत्रू’, ‘अलीक सुख’, ‘गोलपो होलेओ शोटी’, ‘नाटोकर मोटो’, ‘ब्योमकेश ओ चिरियाखाना’, ‘मेघनाद बढ़ रहस्य’, ‘का खा गा घ’, ‘रीयूनियन’, ‘ड्रैकुला सर’, ‘अपराजितो’ और ‘लाल: सूटकेस ता देखेचेन’ जैसी तमाम फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी का लोहा मनवाया। सयानी स्क्रिप्ट की डिमांड पर बोल्ड रोल्स करने से भी कभी नहीं हिचकीं। फिल्मों के अलावा उन्होंने कई लोकप्रिय वेब सीरीज में भी काम किया और खूब तारीफें बटोरीं।

साल 2021 में राजनीतिक एंट्री और संसद तक का सफर

मनोरंजन की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने के बाद सयानी ने साल 2021 में टीएमसी जॉइन कर राजनीति में कदम रखा। हालांकि, 2021 का विधानसभा चुनाव वह हार गईं, लेकिन ममता बनर्जी को उनके तेवर और हुनर पर पूरा भरोसा था, इसलिए उन्हें पार्टी का प्रमुख युवा नेता बनाया गया। सयानी ने 2024 के लोकसभा चुनाव में इस भरोसे को सही साबित किया और जादवपुर सीट से शानदार जीत हासिल कर सीधे संसद पहुंच गईं।

कितनी संपत्ति की मालकिन हैं सयानी घोष?

मायनेता डॉट कॉम पर मौजूद चुनाव आयोग के हलफनामे के अनुसार, सयानी घोष की कुल संपत्ति करीब 91.89 लाख रुपये है, जबकि उन पर 59 लाख रुपये का कर्ज भी है। हलफनामे के मुताबिक, उनके नाम पर कोई कृषि भूमि, कमर्शियल प्रॉपर्टी या खाली प्लॉट नहीं है। सयानी ने कोलकाता के गोल्फ ग्रीन इलाके में अपना एक आशियाना बनाया हुआ है, जिसकी कीमत करीब 62.64 लाख रुपये बताई गई है।

Share This Article