तेहरान/मनामा: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता सैन्य तनाव अब पूरे खाड़ी क्षेत्र के लिए चिंता का कारण बन गया है। ईरान पर अमेरिकी हमलों के बाद जवाबी कार्रवाई शुरू होने से बहरीन में चेतावनी सायरन बजाए गए, जबकि कुवैत ने सुरक्षा कारणों से अपना एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान ने जवाबी कार्रवाई में खाड़ी क्षेत्र में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। संभावित खतरे को देखते हुए बहरीन में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। हालांकि नुकसान को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
तनाव बढ़ने के बीच कुवैत ने एहतियातन अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मार्ग बदले गए हैं और एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया है। इस बीच सबसे अधिक चिंता होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर है। ईरान ने इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से गुजरने वाले जहाजों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है। दुनिया के तेल परिवहन का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से गुजरता है, ऐसे में यहां किसी भी व्यवधान से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
अमेरिका-ईरान टकराव का असर अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर भी दिखने लगा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि तनाव और बढ़ता है तो कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आ सकता है। भारत समेत कई देशों की नजरें अब दोनों देशों के अगले कदम पर टिकी हैं, जबकि पूरे पश्चिम एशिया में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
