लोहरदगा क्रिकेट को मिलेगी नई पहचान, धोनी को LPL में शामिल होने का न्योता

लोहरदगा क्रिकेट को मिलेगी नई पहचान, धोनी को LPL में शामिल होने का न्योता

Johar News Times
2 Min Read

लोहरदगा: जिले में क्रिकेट के विकास और युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में नई पहल शुरू हुई है। लोहरदगा के पूर्व रणजी क्रिकेटर आशीष कुमार ने झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव से मुलाकात कर जिले में क्रिकेट गतिविधियों के विस्तार और खिलाड़ियों के लिए बेहतर मंच तैयार करने पर चर्चा की।

बैठक में लोहरदगा के ऐतिहासिक बलदेव साहू क्रिकेट टूर्नामेंट को और भव्य स्वरूप देने तथा स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर विचार-विमर्श किया गया। आशीष कुमार ने बताया कि आगामी लोहरदगा प्रीमियर लीग (LPL) को विशेष बनाने की तैयारी की जा रही है, ताकि जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर मिल सके।

इस मुलाकात की सबसे खास बात यह रही कि आशीष कुमार ने भारत के पूर्व कप्तान और विश्व कप विजेता महेंद्र सिंह धोनी को लोहरदगा प्रीमियर लीग में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि यदि धोनी टूर्नामेंट में शामिल होते हैं तो यह लोहरदगा के खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए ऐतिहासिक और यादगार अवसर होगा। क्रिकेट जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि इस तरह की पहल से जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलेगा और लोहरदगा क्रिकेट मानचित्र पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर सकेगा।

Share This Article