जमशेदपुर से दोस्तों के साथ घूमने आया था 23 वर्षीय युवक, गहरे पानी में जाने के बाद हुआ लापता,
सरायकेला, चांडिल अनुमंडल के चौका थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक जयदा मंदिर घाट पर सोमवार शाम सुवर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान एक युवक के लापता होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से देर रात तक खोज अभियान चलाया गया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। मंगलवार को भी तलाश अभियान जारी रहने की संभावना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लापता युवक की पहचान जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र निवासी 23 वर्षीय प्रेम कुमार उर्फ बल्लू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने एक मित्र के साथ बाइक से चांडिल क्षेत्र घूमने आया था। शाम के समय दोनों जयदा मंदिर पहुंचे और मंदिर के समीप स्थित सुवर्णरेखा नदी घाट की ओर चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रेम कुमार नदी में नहाने के लिए उतरा था, जबकि उसका साथी किनारे पर मौजूद था। इसी दौरान वह धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चला गया और अचानक नदी की धारा में फंसकर लापता हो गया। साथी द्वारा शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक पानी में दिखाई देना बंद हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से खोजबीन शुरू कराई। अंधेरा होने तथा नदी में जलस्तर अधिक होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाई का सामना करना पड़ा।

युवक के लापता होने की खबर मिलते ही उसके परिजन भी घटनास्थल पहुंच गए। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि युवक की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर विशेष बचाव दल की भी मदद ली जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों में सावधानी बरतें तथा गहरे पानी में जाने से बचें।
