साहिबगंज में मोबाइल हैक कर साइबर ठगी: युवक के खाते से 96,666 रुपये उड़ाए, पुलिस जांच में जुटी

साहिबगंज में मोबाइल हैक कर साइबर ठगी: युवक के खाते से 96,666 रुपये उड़ाए, पुलिस जांच में जुटी

Johar News Times
2 Min Read

साहिबगंज: नगर थाना क्षेत्र के कृष्णानगर स्थित एन क्लब के सामने रहने वाले शंकर मंडल साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर अपराधियों ने कथित तौर पर उनका मोबाइल हैक कर बैंक खाते से 96,666 रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की मांग की है।

शंकर मंडल ने बताया कि 6 जून को उन्होंने अपना मोबाइल चार्जिंग में लगाया था। कुछ देर बाद लौटने पर फोन की स्क्रीन पूरी तरह ब्लैक हो चुकी थी और उसके अंदर से ऑडियो जैसी आवाजें आ रही थीं। काफी प्रयास के बावजूद मोबाइल सामान्य नहीं हुआ। लगभग 15 से 20 मिनट बाद फोन स्वतः चालू हो गया। मोबाइल चालू होने के बाद उन्हें बैंक खाते से राशि निकासी का संदेश मिला। जांच करने पर पता चला कि उनके खाते से यूपीआई के माध्यम से 96,666 रुपये निकाल लिए गए हैं। पीड़ित का कहना है कि इस दौरान उन्हें किसी प्रकार का ओटीपी या बैंक संबंधी कोई कॉल प्राप्त नहीं हुआ, जिससे उन्हें मोबाइल हैकिंग की आशंका है।

शंकर मंडल ने घटना की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर भी दर्ज कराई है। इसके बाद उन्होंने नगर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन सौंपा और साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की। नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। साइबर अपराध से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है तथा जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article