झारखंड में प्री-मानसून का असर तेज: कई जिलों में बारिश, वज्रपात से तीन की मौत; रांची समेत कई इलाकों में अलर्ट जारी

झारखंड में प्री-मानसून का असर तेज: कई जिलों में बारिश, वज्रपात से तीन की मौत; रांची समेत कई इलाकों में अलर्ट जारी

Johar News Times
3 Min Read

रांची: झारखंड में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं, जिससे राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। विभिन्न जिलों में बारिश और मेघगर्जन के बीच वज्रपात की घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी कई जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

गढ़वा जिले के धुरकी प्रखंड स्थित परासपानी कला गांव में शनिवार शाम वज्रपात की चपेट में आने से 12 वर्षीय क्रमु कुमार की मौत हो गई। वहीं रामगढ़ के गंडके पाहन टोला निवासी 30 वर्षीय राजू मुंडा और कुजू के मुरपा कठरा टोला निवासी 16 वर्षीय साहिल कुमार की भी आकाशीय बिजली गिरने से जान चली गई।

पिछले 24 घंटे में कई जिलों में हुई बारिश

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा भी हुई। सबसे अधिक 70.3 मिमी बारिश सिमडेगा के ठेठईटांगर में रिकॉर्ड की गई। राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस लातेहार एडब्ल्यूएस केंद्र में रिकॉर्ड हुआ।

रांची समेत कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात का अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), रांची केंद्र के अनुसार राज्य में सक्रिय ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण और पूर्वी उत्तर प्रदेश से तेलंगाना तक बने ट्रफ के प्रभाव से मौसम में बदलाव जारी रहेगा। विभाग ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

9 जून को रांची, बोकारो, रामगढ़, गुमला और खूंटी सहित दक्षिणी तथा मध्यवर्ती क्षेत्रों में तेज हवा, मेघगर्जन और बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं राजधानी रांची में 10 और 11 जून को भी गरज-चमक के साथ वर्षा होने के संकेत दिए गए हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों में शरण लेने की अपील की है।

Share This Article