7 माह बाद जेल से लौटे तरुण महतो, ईचागढ़ में समर्थकों ने बाइक रैली निकाल कर किया जोरदार स्वागत

7 माह बाद जेल से लौटे तरुण महतो, ईचागढ़ में समर्थकों ने बाइक रैली निकाल कर किया जोरदार स्वागत

Johar News Times
2 Min Read

ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी तथा झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो शनिवार को करीब सात माह बाद जेल से रिहा होकर अपने क्षेत्र पहुंचे। उनकी वापसी पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने भव्य बाइक रैली निकालकर उनका स्वागत किया। रैली के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला और जगह-जगह लोगों ने उनका अभिनंदन किया।

चांडिल से शुरू हुई बाइक रैली ईचागढ़, नीमडीह और कुकड़ू प्रखंड के विभिन्न इलाकों से होकर गुजरी। रैली में बड़ी संख्या में युवा, किसान, मजदूर और स्थानीय लोग शामिल हुए। समर्थक पार्टी के झंडे और बैनर लेकर नारेबाजी करते नजर आए। कई स्थानों पर महिलाओं ने आरती उतारकर उनका स्वागत किया।

क्षेत्र में लंबे समय से विभिन्न जन मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे तरुण महतो की रिहाई को उनके समर्थक जनआंदोलन की जीत बता रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि उन्होंने स्थानीय समस्याओं और लोगों के अधिकारों को लेकर लगातार आवाज उठाई है, जिसके कारण उन्हें व्यापक जनसमर्थन मिलता रहा है।

क्षेत्र की जनता को संबोधित करते हुए तरुण महतो ने कहा कि जनता का विश्वास और स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि वे आगे भी किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम लोगों के हितों के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने अपने कठिन समय में साथ देने वाले कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।

तरुण महतो ने अपनी पत्नी भानुमति महतो के योगदान का भी उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी अनुपस्थिति में उन्होंने जनता से लगातार संपर्क बनाए रखा और लोगों की समस्याओं को सुनने का काम किया। उन्होंने कहा कि जनहित और न्याय की लड़ाई आगे भी जारी रहेगी।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहें हमारे न्यूज पोर्टल joharnewstimes.com के साथ।

Share This Article