विश्व पर्यावरण दिवस पर खूंटपानी उद्यान महाविद्यालय में किसान प्रशिक्षण शिविर, वैज्ञानिक खेती और पर्यावरण संरक्षण पर जोर

विश्व पर्यावरण दिवस पर खूंटपानी उद्यान महाविद्यालय में किसान प्रशिक्षण शिविर, वैज्ञानिक खेती और पर्यावरण संरक्षण पर जोर

Johar News Times
2 Min Read

खूंटपानी : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के उद्यान महाविद्यालय, खूंटपानी में किसान जागरूकता सह प्रशिक्षण गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को बदलती जलवायु, मृदा स्वास्थ्य, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। इसमें कुदासिंगी, गोटाई और बिंज गांवों के 37 किसानों ने भाग लिया।

तकनीकी सत्र में वैज्ञानिकों ने किसानों को वैज्ञानिक खेती की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी। डॉ. अमित कुमार ने सब्जी फसलों के लिए वैज्ञानिक बीज चयन की प्रक्रिया समझाई, जबकि डॉ. थिरुनरायण पी. ने एकीकृत रोग एवं कीट प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की। डॉ. शुशांता दत्ता ने जैव उर्वरकों एवं जैविक उत्पादों के उपयोग तथा नीमास्त्र और बीजास्त्र तैयार करने की विधि बताई। वहीं क्रॉप कॉइन टेक्नोलॉजी के प्रतिनिधि अंकित अक्षय ने जैविक खेती की संभावनाओं और चुनौतियों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रश्नोत्तरी सत्र रहा, जिसकी अध्यक्षता डॉ. सुदीप्ता पधान ने की। इस दौरान किसानों के सवालों का वैज्ञानिकों ने समाधान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रा वैष्वी सिंह के स्वागत भाषण से हुई, जबकि डॉ. सुरभि सिन्हा ने मृदा स्वास्थ्य, फसल चक्र, जल संरक्षण और सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों पर जानकारी दी।

मंच संचालन नेहा कुमारी एवं वैष्वी सिंह ने किया तथा स्वाति कुमारी ने विश्व पर्यावरण दिवस पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। डॉ. अविनाश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समापन पर किसानों के बीच बायो डीएपी के पैकेट वितरित किए गए।

इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तहत डॉ. अमित कुमार की अध्यक्षता में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। वैज्ञानिकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही विद्यार्थियों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया गया।

Share This Article