धनबाद: जिले में कथित रूप से चल रहे अवैध लॉटरी कारोबार को लेकर सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो को एक शिकायत पत्र सौंपा गया है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि धनबाद के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर फर्जी लॉटरी का कारोबार संचालित हो रहा है, जिससे सरकार को राजस्व नुकसान के साथ-साथ गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
शिकायत में दावा किया गया है कि निरसा, गोविंदपुर, बलियापुर, पाथरडीह, सिंदरी, कतरास, झरिया, भौरा और जामाडोबा समेत कई इलाकों में खुलेआम जाली लॉटरी बेची जा रही है। आरोप है कि इस नेटवर्क के जरिए प्रतिदिन 8 से 10 करोड़ रुपये तक का कारोबार हो रहा है। साथ ही पश्चिम बंगाल की सरकारी लॉटरी की तर्ज पर नकली टिकट छापकर बाजार में बेचने की बात भी कही गई है।
आवेदन में कुछ लोगों को इस कथित नेटवर्क का संचालक बताते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि मैथन और निरसा क्षेत्र में जाली लॉटरी की छपाई और वितरण का काम किया जाता है। शिकायत में कहा गया है कि अधिक लाभ का लालच देकर लोगों को इस धंधे में फंसाया जा रहा है, जिससे कई परिवार आर्थिक संकट और सामाजिक समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
इस मामले पर विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि अवैध लॉटरी का मुद्दा पहले भी विधानसभा में उठाया गया था और सरकार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन शिकायतें अब भी मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में यह कारोबार तेजी से फैल रहा है और लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। विधायक ने सरकार से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर इस मुद्दे को फिर विधानसभा में उठाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक कोई स्पष्ट नीति नहीं बनती, तब तक अवैध लॉटरी कारोबार पर कड़ी रोक लगनी चाहिए।
