18 करोड़ की लागत वाली सड़क का काम ठप होने का आरोप, स्थानीय लोगों को हो रही भारी परेशानी,
जमशेदपुर: भारतीय जनता पार्टी परसूडीह मंडल, जमशेदपुर महानगर की ओर से खासमहल से गोविंदपुर तक निर्माणाधीन सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से ठप पड़ा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य कर रही एजेंसी (ठेकेदार) लंबे समय से कार्यस्थल से गायब है। इसके कारण परियोजना अधूरी पड़ी हुई है और सड़क की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और धूल की समस्या बनी हुई है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि खराब सड़क के कारण ऑटो चालकों और एंबुलेंस चालकों को भी आवागमन में कठिनाई हो रही है। मरीजों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आम यात्रियों को प्रतिदिन परेशानी झेलनी पड़ रही है। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।
भाजपा ने जिला प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य की समीक्षा कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने तथा संबंधित एजेंसी की जवाबदेही तय करने की मांग की है। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनता के हित में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
डीसी कार्यालय में ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा परसूडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा, दुलाल भुइयां समेत मंडल के कई कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल थे।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहें हमारे न्यूज पोर्टल joharnewstimes.com के साथ।
