मुखिया अनीता मुर्मू के नेतृत्व में ग्रामीणों को मिल रही राहत, कई गांवों में बहाल हुई पेयजल सुविधा
पोटका: भीषण गर्मी और बढ़ती पेयजल समस्या के बीच पोटका प्रखंड की डोमजूड़ी पंचायत में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत का अभियान चलाया जा रहा है। पंचायत की मुखिया अनीता मुर्मू की पहल पर 15वें वित्त आयोग की राशि से विभिन्न गांवों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने का कार्य किया जा रहा है।
मुखिया अनीता मुर्मू ने बताया कि पंचायत क्षेत्र के डूंगरीडीह, बारेडीह और खुर्शी गांव में अब तक 13 खराब चापाकलों की मरम्मत कर उन्हें पुनः चालू किया जा चुका है। इससे स्थानीय ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने लगा है और गर्मी के मौसम में राहत मिली है।
उन्होंने कहा कि पंचायत के जिन इलाकों में पेयजल संकट अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर खराब चापाकलों की पहचान कर मरम्मत कराई जा रही है। आने वाले दिनों में अन्य गांवों में भी इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा ताकि किसी भी ग्रामीण को पेयजल के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई जलमीनार लंबे समय से खराब हैं, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। ऐसे में पंचायत द्वारा चापाकलों की मरम्मत कराया जाना लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है।
इस अभियान में जल सहिया सरिता सोरेन, दांगी टुडू तथा वार्ड सदस्य अंजली मुर्मू भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। पंचायतवासियों ने मुखिया की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में सराहनीय कदम बताया है।
हर अपडेट के लिये जुड़े रहें हमारे न्यूज पोर्टल joharnewstimes.com के साथ।
