Ranchi: झारखंड में मौसम एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में 6 जून तक बारिश, गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
कई दिनों तक सक्रिय रहेगा मौसम
पूर्वानुमान के मुताबिक, आज उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 2 से 4 जून तक उत्तर-पश्चिमी और उत्तरी क्षेत्रों को छोड़कर अन्य जिलों में भी इसी तरह का मौसम बना रहने की संभावना है। 5 और 6 जून को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में वज्रपात और तेज हवाओं का खतरा बना रहेगा।
किसानों और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों, खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि वातावरण में बढ़ी नमी के कारण बादल तेजी से विकसित हो रहे हैं, जिससे वर्षा गतिविधियां बढ़ रही हैं।
डाल्टनगंज सबसे गर्म, रांची में राहत
पिछले 24 घंटों के दौरान डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं रांची का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।
पश्चिमी सिंहभूम में सबसे अधिक बारिश
बीते 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 39.4 मिमी बारिश पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा तांतनगर में 30 मिमी, नामकुम में 26.5 मिमी, धालभूमगढ़ में 12.8 मिमी, मंझारी में 12 मिमी, सिसई में 11 मिमी, चाईबासा में 9.6 मिमी, रांची में 5 मिमी और बोकारो थर्मल में 2.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
