कुकड़ू में अवैध बालू खनन पर बवाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष ने प्रशासन पर लगाए मिलीभगत के आरोप

कुकड़ू में अवैध बालू खनन पर बवाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष ने प्रशासन पर लगाए मिलीभगत के आरोप

Johar News Times
3 Min Read

सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड में कथित अवैध बालू खनन को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने आरोप लगाया है कि तिरुलडीह और नीमडीह थाना क्षेत्र में रात के अंधेरे में बड़े पैमाने पर अवैध बालू खनन और परिवहन किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन कार्रवाई करने के बजाय मौन बना हुआ है।

मधुश्री महतो ने कहा कि उन्हें स्थानीय ग्रामीणों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि 19 मई की रात से प्रतिदिन रात 9 बजे से सुबह 5-6 बजे तक 22 से 25 हाइवा वाहनों के जरिए बालू का अवैध उठाव किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि खनन वैध है तो प्रशासन इसकी जानकारी सार्वजनिक करे, अन्यथा अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाए।

उन्होंने बताया कि 20 मई को उन्होंने व्हाट्सएप के माध्यम से कुकड़ू अंचल अधिकारी, तिरुलडीह थाना प्रभारी और नीमडीह थाना प्रभारी को लिखित सूचना दी थी। बावजूद इसके अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर भी कार्रवाई नहीं हो रही है तो इससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े होते हैं।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी रात में हाईवा के लगातार परिचालन से सड़क क्षतिग्रस्त होने, धूल और शोर से परेशानी तथा स्वर्णरेखा नदी के घाटों से अत्यधिक बालू उठाव के कारण जलस्तर प्रभावित होने की शिकायत की है।

जिला परिषद उपाध्यक्ष ने मांग की है कि क्षेत्र में विशेष छापेमारी अभियान चलाकर अवैध बालू लदे वाहनों को जब्त किया जाए, रात में पुलिस गश्ती बढ़ाई जाए और मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर अवैध खनन नहीं रुका तो ग्रामीणों के साथ उपायुक्त कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

वहीं तिरुलडीह थाना प्रभारी ने कहा है कि मामले की सूचना मिली है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article