सरायकेला-खरसावां: एनएच-33 पर भीषण सड़क हादसा, हाइवा चालक समेत दो की मौत

सरायकेला-खरसावां: एनएच-33 पर भीषण सड़क हादसा, हाइवा चालक समेत दो की मौत

Johar News Times
2 Min Read

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-रांची मार्ग एनएच-33 पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। बड़ामटांड़ के पास तेज रफ्तार हाइवा सड़क किनारे खड़े फ्लाई ऐश लदे ट्रेलर से जा टकराई, जिसमें हाइवा चालक समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा जमशेदपुर से ईचागढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान बड़ामटांड़ के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाइवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व एक अन्य युवक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। मृत चालक की पहचान डुंगरीडीह गांव निवासी फतु महतो के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और चौका थाना पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। पुलिस और प्राइवेट एम्बुलेंस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन वाहन में फंसे लोगों को निकालना मुश्किल हो रहा था। बाद में जेसीबी मशीन की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद चौका से लेकर चावलीबासा, बड़ामटांड़ और दिरलोंग तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि एनएच-33 किनारे भारी वाहनों को बेवजह खड़ा किए जाने के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे खड़े ट्रेलर और हाइवा इस मार्ग को हादसों का केंद्र बना रहे हैं।

हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article