सरस्वती नदी बचाने की मुहिम को पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर का समर्थन

सरस्वती नदी बचाने की मुहिम को पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर का समर्थन

Johar News Times
2 Min Read

गढ़वा : गढ़वा शहर की लाइफ लाइन मानी जाने वाली ऐतिहासिक सरस्वती नदी आज अपने अस्तित्व को बचाने की जंग लड़ रही है। नदी के लगातार घटते जलस्तर और बढ़ते अतिक्रमण के बीच अब इसे बचाने के लिए सामाजिक स्तर पर अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में युवा अभिषेक भारद्वाज द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। अब इस मुहिम को पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर का भी पूरा साथ मिला है।

पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और तपती धूप के बावजूद अभिषेक भारद्वाज जिस समर्पण के साथ सड़क पर खड़े होकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं, वह सराहनीय है। वे लोगों को जल संरक्षण, नदी बचाने और पर्यावरण के प्रति जागरूक कर रहे हैं, जो आज के समय की बड़ी आवश्यकता है।

मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं होतीं, बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की पहचान भी हैं। गढ़वा की पहचान बन चुकी सरस्वती नदी को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने इस जनहित और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियान को अपना पूर्ण समर्थन देने की बात कही। साथ ही गढ़वा शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सरस्वती नदी को पुनर्जीवित करने और संरक्षित करने के इस प्रयास में सभी लोग अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें, ताकि गढ़वा की इस प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखा जा सके।

ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेवसाइट, पोर्टल न्यूज को लाइक और सब्सक्राइब करें – joharnewstimes.com

Share This Article