आदित्यपुर-गम्हरिया रेलखंड में कॉपर वायर चोरी का पर्दाफाश, सिग्नलिंग सिस्टम से छेड़छाड़ करने वाले दो शातिर गिरफ्तार

रेल संपत्ति पर हाथ साफ करने वालों की खैर नहीं—आरपीएफ की मुस्तैदी से सलाखों के पीछे पहुंचे सिग्नल चोर!

Johar News Times
2 Min Read

रेलवे की सिग्नलिंग प्रणाली को निशाना बनाकर रेल परिचालन की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले गिरोह के खिलाफ आरपीएफ (RPF) और क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने आदित्यपुर और गम्हरिया रेलवे स्टेशनों के बीच हुई कीमती कॉपर वायर चोरी मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना 9 मई की रात की है, जब अपराधियों ने आदित्यपुर और गम्हरिया के बीच स्थित एक रेलवे सिग्नल गुमटी को निशाना बनाया था। चोरों ने वहां लगे तड़ित चालक और करीब 10 मीटर कीमती कॉपर वायर काटकर चोरी कर ली थी। इस चोरी के कारण रेलवे की संवेदनशील सिग्नलिंग व्यवस्था ठप होने और रेल परिचालन में बड़ी दुर्घटना होने का खतरा उत्पन्न हो गया था।

रेलवे की संपत्ति और सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले को देखते हुए आरपीएफ और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त जांच शुरू की। तीन दिनों तक चली सघन छापेमारी और तकनीकी इनपुट के आधार पर बीती रात टीम ने विद्युत नगर क्षेत्र में दबिश दी। इस कार्रवाई में दो आरोपियों, सूरज महतो और राकेश महतो को चोरी के सामान के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में यह बात सामने आई है कि पकड़े गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वे पहले भी विभिन्न थानों में दर्ज मामलों में संलिप्त रहे हैं। अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को रेल न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें घाघीडीह केंद्रीय कारागार भेज दिया गया।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय रेल संपत्ति चोरों के मनोबल पर चोट पहुंचेगी। फिलहाल पुलिस मामले में अन्य संभावित सहयोगियों की तलाश में जुटी है।

अबसे हर अपडेट के लिये जुड़े रहे — ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

Share This Article