शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन (डीडी) क्लब में शनिवार देर रात पार्टी के दौरान दो गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। युवतियों से कथित छेड़खानी का विरोध करने पर शुरू हुई कहासुनी क्लब के बाहर चाकूबाजी तक पहुंच गई, जिसमें आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह घायल हो गए। दोनों का इलाज टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में चल रहा है। इनमें से एक युवक के पेट में चाकू लगने की जानकारी सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डांस फ्लोर पर दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। हालात बिगड़ते देख क्लब के बाउंसरों ने दोनों पक्षों को बाहर निकाल दिया। हालांकि, बाहर आने के बाद भी विवाद नहीं थमा और इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के बाद क्लब के बाहर अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही क्लब और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद शहर में देर रात संचालित क्लबों की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
