रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। बुधवार देर रात से गुरुवार तड़के तक रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए। राजधानी कीव समेत कई इलाकों में हुए इस हमले में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 80 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। लगातार हो रहे हमलों के बाद पूरे यूक्रेन में एयर अलर्ट जारी कर दिया गया।
कीव में सबसे ज्यादा तबाही
यूक्रेन की राजधानी कीव पर रूसी हमलों का सबसे गंभीर असर देखने को मिला। एक आवासीय इमारत पर मिसाइल गिरने से उसका बड़ा हिस्सा ढह गया। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका के बीच राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक अब तक 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। वहीं एक व्यक्ति की मौत और 16 लोगों के घायल होने की पुष्टि की गई है। रात करीब एक बजे यूक्रेन की वायुसेना ने देशभर में हवाई हमले की चेतावनी जारी की। सेना ने बताया कि रूस ने मिग-31 बमवर्षक विमानों को सक्रिय किया है और बैलिस्टिक मिसाइल हमलों का खतरा बढ़ गया है। इसके बाद कीव में लगातार जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दीं। यूक्रेनी एयर डिफेंस सिस्टम ड्रोन और मिसाइलों को रोकने की कोशिश में लगातार सक्रिय रहा।
800 से ज्यादा ड्रोन से हमला
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार रूस ने कई चरणों में लगभग 800 ड्रोन का इस्तेमाल किया। इन हमलों का निशाना ऊर्जा केंद्र, सैन्य ठिकाने और नागरिक बुनियादी ढांचे रहे। राजधानी कीव के अलावा अन्य शहरों में भी आग लगने और भारी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। कीव सैन्य प्रशासन प्रमुख टिमुर टकाचेंको ने पहले ही चेतावनी दी थी कि रूसी ड्रोन राजधानी की ओर बढ़ रहे हैं और किसी भी समय मिसाइल हमला हो सकता है। इसके कुछ घंटों बाद तड़के 3 बजे के बाद कई बैलिस्टिक मिसाइल हमले दर्ज किए गए। शहर के अलग-अलग हिस्सों में आग लगने और इमारतों को नुकसान पहुंचने की सूचना मिली।
रिहायशी इमारतों और दफ्तरों को नुकसान
कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को के अनुसार, ड्रोन का मलबा कई रिहायशी और व्यावसायिक इमारतों पर गिरा। निप्रोव्स्की जिले में पांच मंजिला इमारत की छत पर आग लग गई, जबकि ओबोलोन्स्की जिले की 12 मंजिला इमारत भी आग की चपेट में आ गई। इसके अलावा एक कार्यालय भवन, पार्किंग संरचना और निर्माणाधीन 25 मंजिला इमारत को भी नुकसान पहुंचा। सोलोम्यांस्की जिले में ड्रोन का मलबा गिरने से एक कार में आग लग गई। हमले के बाद दमकल विभाग और आपातकालीन सेवाओं की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं।
पहले ही मिल चुकी थी चेतावनी
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को पहले ही बड़े रूसी हमले की आशंका के बारे में आगाह किया गया था। यूक्रेन की सैन्य खुफिया एजेंसी HUR ने चेतावनी दी थी कि रूस आने वाले दिनों में बड़ी संख्या में क्रूज और बैलिस्टिक मिसाइल हमले कर सकता है। ताजा हमले के बाद यूक्रेन में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
ताजा खबरों के लिये हमारे न्यूज चैनल और वेबसाइट को लाइक और सब्सक्राइब करें — joharnewstimes.com

