नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की अहम बैठक में हिस्सा लेने के लिए ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची भारत पहुंच गए हैं। यह दो दिवसीय बैठक 14 और 15 मई को आयोजित की जा रही है, जिसकी मेजबानी इस बार भारत कर रहा है। बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के बीच बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करने, क्षेत्रीय स्थिरता, वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और विकासशील देशों की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा बदलते वैश्विक परिदृश्य, ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार और भू-राजनीतिक परिस्थितियों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
भारत पहुंचने के बाद ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची की विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर समेत अन्य देशों के प्रतिनिधियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी हो सकती है। माना जा रहा है कि इन बैठकों में भारत-ईरान संबंध, क्षेत्रीय सुरक्षा और आर्थिक सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
यह बैठक सितंबर में नई दिल्ली में प्रस्तावित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ब्रिक्स समूह में फिलहाल 11 देश शामिल हैं और इसका उद्देश्य वैश्विक दक्षिण के देशों के बीच सहयोग बढ़ाना तथा अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है।भारत की मेजबानी में हो रही इस बैठक पर दुनिया की नजरें टिकी हैं, क्योंकि मौजूदा समय में वैश्विक राजनीति और आर्थिक हालात तेजी से बदल रहे हैं।
