खरीफ तैयारी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की

खरीफ तैयारी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की

Johar News Times
3 Min Read

शिल्पी नेहा तिर्की ने अधिकारियों को किसानों के लिए “सेना की तरह” काम करने का निर्देश देते हुए खरीफ सीजन की तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। मंगलवार को बिरसा कृषी विश्वविद्यालय में आयोजित खरीफ कर्मशाला 2026 के दूसरे दिन कृषि प्रभाग के कई निदेशकों की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई।

सूखे की आशंका को लेकर सरकार अलर्ट

कृषि मंत्री ने कहा कि मौसम विभाग के अनुसार इस वर्ष कम बारिश और सूखे की आशंका है। ऐसे में राज्य सरकार पहले से तैयारी कर किसानों को राहत पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने सभी जिला कृषि पदाधिकारियों को कांटिजेंट प्लान तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को सही समय पर बीज, सिंचाई और अन्य सुविधाएं मिलना बेहद जरूरी है, क्योंकि देरी होने पर पूरी खेती प्रभावित हो सकती है।

15 मई को जिला बैठक, 20 मई को खरीफ मेला

मंत्री ने निर्देश दिया कि 15 मई को सभी जिलों में कृषि विभाग की बैठक आयोजित की जाए, जिसमें प्रखंड स्तरीय अधिकारी भी शामिल हों। इसकी रिपोर्ट राज्य के नोडल पदाधिकारी को भेजी जाएगी।इसके अलावा 20 मई को हर जिले में खरीफ मेला आयोजित होगा, जिसमें करीब 500 प्रगतिशील किसान शामिल होंगे। वहीं 22 मई को प्रखंड स्तर पर भी खरीफ मेले का आयोजन किया जाएगा और प्रत्येक पंचायत से 50 किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया।

एसएचजी और एफपीओ के जरिए होगा बीज वितरण

मंत्री ने कहा कि बीज वितरण स्वयं सहायता समूह (SHG) और किसान उत्पादक संगठन (FPO) के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। खरीफ मेलों में मृदा जांच काउंटर भी लगाए जाएंगे और किसानों को सरल भाषा में नई तकनीक और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

पशुपालन, मत्स्य और सिंचाई योजनाओं पर भी जोर

शिल्पी नेहा तिर्की ने पशुओं की दवाओं की समय पर आपूर्ति, तालाबों के जीर्णोद्धार, मत्स्य बीज वितरण, सोलर पंप, ड्रिप इरीगेशन और मधुमक्खी पालन योजनाओं के सख्त अनुपालन के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एस. सी. दुबे ने जल संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने के वैकल्पिक उपायों पर जोर दिया।

Share This Article